Unnao Case: तीसरी लड़की ने होश में आने के बाद दिया बयान, रेप के आरोप से किया इनकार
उन्नाव केस में एक बड़ा ट्विस्ट इस वक्त सामने आया है। तीसरी लड़की जो अस्पताल में थी उसे होश आ गया है और उन्होंने अपने बयान में चौकाने वाली बात रखी है।

उन्नाव केस में एक बड़ा मोड़ इस वक्त आता हुआ नजर आया है। जिस चीज का सबसे ज्यादा इंतजार इस केस में था आखिरकार वो क्षण आ ही गया है। राजेंसी अस्पताल में भर्ती उन्नाव की तीसरी लड़की की तबीयत अब ठीक हो चुकी है। इसके बाद ही मंगलवार के दिन कानपुर से आई महिला मैजिस्ट्रेट के सामने लड़की ने 164 के तहत अपना बयान दर्ज करवाया। वही, उन्नाव पुलिस ने 161 के तहत लड़की का बयान दर्ज किया है। लड़की ने बताया कि उसे उनकी सहेलियों समेत जहर दिया गया था और उनके साथ किसी भी तरह का यौन शोषण नहीं हुआ है।
दरअसल उन्नाव की असोहा तहसील के बबुरहा गांव की तीन लड़कियों को उनके दो दोस्तों ने पानी में जहर मिलाकर पिला दिया था। दो लड़कियों की मौत नजदीकी सीएचसी पहुंचते ही हो गई थी, जबकि तीसरी लड़की को नाजुक हालत होने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया गया था। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
2 दिन तक वेंटिलेटर पर रखने के बाद तीसरी लड़की की हालत में सुधार होने लगा था। डॉक्टरों की परमिशन मिलने के बाद ही मंगलवार के दिन दोपहर को महिला मैजिस्ट्रेट रिजवाना शाहिद ने लड़की के बयान को दर्ज करने का काम किया। आपको हम इस बात की जानकारी दे देते हैं कि लड़की का बयान सीलबंद लिफाफे में उन्नाव पुलिस को भेजा जाएगा। इसके अलावा आधिकारिक तौर पर अस्पताल ने लड़की के स्वास्थय को लेकर किसी भी तरह का कोई बयान जारी नहीं किया है। लेकिन वह अब पूरी तरह से सेहतमंद है।
एसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि पीड़िता के बयान में किसी भी तरह की जबरदस्ती करने की बात सामने नहीं आई है, जिससे डीएनए करने का कोई औचित्य नहीं है। इसके बावजूद इस तरह की घटनाओं में डीएनए जांच करना प्रकिय है। जिस पर न्यायाल से डीएनए जांच कराने का आदेश लिया गया है। जल्द ही ब्लड सैंपल लिया जाएगा।