Chandrayaan-3 Launch: चंद्रयान-3 का पृथ्वी की कक्षा से लॉन्च सफल, 40 दिन बाद चांद पर उतरेगा
ISRO Chandrayaan-3 Launch: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3) की लॉन्चिंग हो गई है. शुक्रवार दोपहर 2:35 मिनट पर इसकी लॉन्चिंग हुई है.

Chandrayaan-3 Launch News: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3) की लॉन्चिंग हो गई है. शुक्रवार दोपहर 2:35 मिनट पर इसकी लॉन्चिंग हुई है. इस मौके पर इसरो के पूर्व चीफ के सिवन मौजूद रहे. सिवन पिछले चंद्रयान-2 मिशन के दौरान इसरो के प्रमुख थे. इसरो की ओर से कहा गया कि चंद्रयान-3 मिशन के जरिये अपने चंद्रमा मॉड्यूल द्वारा सतह पर सॉफ्ट-लैंडिंग करके और घूमकर अंतरिक्ष एजेंसी नई सीमाओं को पार करेगी. इसके 23 अगस्त को चांद की सतह पर उतरने की संभावना है.
भारत के इस तीसरे चंद्र मिशन में भी अंतरिक्ष वैज्ञानिकों का लक्ष्य चंद्रमा की सतह पर लैंडर की 'सॉफ्ट लैंडिंग' का है. बता दें कि इससे पहले चंद्रयान-2 को 22 जुलाई 2019 को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया था. आर्बिटर को दो सितंबर 2019 को चंद्रमा की कक्षा में स्थापित किया गया था.तब चंद्रयान-2 चंद्रमा की सतह पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. यदि इस बार सफलता मिलती है तो भारत ऐसी उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश देश हो जाएगा. इससे पहले अमेरिका, चीन और पूर्व सोवियत संघ जैसे देश पहले'सॉफ्ट लैंडिंग' कर चुके हैं.
Chandrayaan-3 के कक्षा में सफल प्रक्षेपण के बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में जश्न मनाया गया. इसके अलावा ISRO वैज्ञानिकों ने प्रक्षेपण यान से उपग्रह के सफल पृथक्करण की घोषणा की. इसरो ने कहा उपग्रह को अब चंद्रमा की यात्रा शुरू करने के लिए वांछित कक्षा में स्थापित कर दिया गया है.
इसरो प्रमुख का बयान
चंद्रयान-3 के लॉन्च होने के बाद इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने कहा कि चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की ओर अपनी यात्रा शुरू कर दी है.हमारे LVM3 ने पहले ही चंद्रयान-3 को पृथ्वी के चारों ओर सटीक रूप से स्थापित कर दिया है.हम चंद्रयान-3 के लिए शुभकामनाएं देते हैं ताकि वह आने वाले दिनों में चंद्रमा की ओर सफल यात्रा कर सके.
प्रेरणा चंद्रा, प्रोग्रामिंग मैनेजर, नेहरू तारामंडल ने समाचार एजेंसी को बताया कि, चंद्रयान 3 को लेकर इसरो के साथ-साथ सभी भारतीयों में उत्साह था.रॉकेट ने सभी चरणों को पार कर लिया है.यह 23 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर लैंड करेगा. लैंडिंग के बाद रोवर अपना कार्य शुरु करेगा जो पिछली बार नहीं हो पाया था.
क्या बोले पीएम मोदी
चंद्रयान-3 की सफल लॉन्चिंग पर पीएम मोदी ने ट्वीट किया है. उन्होंने ट्वीटकर कहा, "चंद्रयान-3 ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक नया अध्याय लिखा है.यह ऊंची उड़ान भरता है और हर भारतीय के सपनों और महत्वाकांक्षाओं को ऊपर उठाता है.यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों के अथक समर्पण का प्रमाण है.मैं उनकी भावना और प्रतिभा को सलाम करता हूं.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी बधाई
वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसरो टीम को Chandrayaan 3 मिशन की सफल लॉन्चिंग पर बधाई दी है.उन्होंने कहा, भारत ने अंतरिक्ष अन्वेषण में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित करते हुए चंद्रयान-3 का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया.यह अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी में प्रगति के लिए देश की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मून मिशन की सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं.