Chandrayaan 3 Launch: आज एक नया इतिहास रचने जा रहा इसरो, चंद्रयान-3 उड़ान को तैयार
ISRO Chandrayaan-3 Launch: इसरो का महत्वाकांक्षी मून मिशन प्रोजेक्ट चंद्रयान-3 लॉन्चिंग के लिए तैयार है. चंद्रयान-3 को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से दोपहर 2:35 बजे लॉन्च किया जाएगा.

ISRO Chandrayaan 3 Mission: देश का प्रतिष्ठित स्पेस संस्थान भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) 14 जुलाई को यानी की आज एक नया इतिहास रचने जा रहा है. इसरो चंद्रयान-3 मिशन को शुक्रवार दोपहर 2:35 बजे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में सतीशधवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉंन्च करेगा. इसे इसरो के ऑफिशियल यू-ट्यूब चैनल पर लाइव देखा जा सकेगा. इसके अलावा, दूरदर्शन पर भी लॉन्चिंग का सजीव प्रसारण दिखाई देगा.चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग का काउंटडाउन जारी है. इसी बीच इसरो ने जानकारी दी है कि एल110 चरण में प्रणोदक भरने का काम पूरा हो गया है. इसरो का कहना है कि C25 चरण में प्रणोदक भरना शुरू हो रहा है.
यहां देख सकेंगे ISRO लाइव प्रसारण
चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग से पहले इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने मिशन की सफलता के लिए गुरुवार को श्रीहरिकोटा के निकट सुल्लुरपेटा में श्री चेंगलम्मा परमेश्वरिनी मंदिर में पूजा-अर्चना की. इसरो ने एक ट्वीट में कहा कि लोग हमारे फेसबुक अकाउंट facebook.com/ISRO पर भी ऑनलाइन इवेंट लाइव देख सकते हैं. साथ ही यूट्यूब चैनल लिंक youtube.com/watch?v=q2ueCg9bvvQ पर भी लॉन्चिंग को लाइव देख सकते हैं. इतना ही नहीं, DD National पर भी दोपहर 2 बजे से सीधा प्रसारण देख सकते हैं.
चंद्रयान-2 मिशन हो गया था फेल
बता दें कि इससे पहले चंद्रयान-2 को 22 जुलाई 2019 को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया था. आर्बिटर को दो सितंबर 2019 को चंद्रमा की कक्षा में स्थापित किया गया था. तब चंद्रयान-2 चंद्रमा की सतह पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. बताते चलें चंद्रयान-3 में एक लैंडर और रोवर कॉन्फ़िगरेशन शामिल है. इसको 100 किलोमीटर की मून ऑर्बिट में ले जाया जाएगा.
प्रिंस संस्था के सदस्य का बयान
इस लॉन्च इवेंट को देखने आए प्रिंस संस्था के एक सदस्य ने बताया कि मेरे कॉलेज से 300 छात्र यहां आए हैं. हम ईश्वर से कार्यक्रम के सफल होने की प्रार्थना करते हैं.यह क्षण सभी भारतीयों को गौरवान्वित करेगा.कई देशों ने कम लागत पर चंद्रमा पर उतरने की कोशिश की, लेकिन हमने ये पहले करके दिखाया है.
सीएम गहलोत ने दी शुभकामनाएं
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चंद्रयान-3 मिशन के सफल होने की कामना की है.उन्होंने ट्वीट कर कहा कि तीन वर्ष की तपस्या, साधना और मेहनत के बाद स्पेसशिप चंद्रयान चांद को जीतने के लिए तैयार है.पूरा देश इस बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक प्रक्षेपण के सफल होने की कामना करता है.इसरो के के प्रबुद्ध वैज्ञानिकों व मिशन की सम्पूर्ण टीम को शुभकामनाएं.